दुर्ग- इस रक्षाबंधन पर देश के उन वीर सपूतों की कलाई पर राखी सजेगी जो सीमाओं पर रहकर देश की रक्षा कर रहे हैं। दुर्ग जिले की छोटी-छोटी स्कूली बच्चियों ने अपने हाथों से 1900 से अधिक राखियां तैयार की हैं जो जल्द ही देशभर में तैनात सैनिकों को भेजी जाएंगी। इस पुनीत कार्य के तहत जिले के 16 स्कूलों की छात्राओं ने न केवल राखियां बनाई हैं बल्कि उन्होंने अपने वीर भाइयों के लिए प्रेम और सम्मान से भरी चिट्ठियां भी लिखी हैं। इन पत्रों में बहनों ने सैनिकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं और उनके साहस को सलाम किया है।
यह पहल एक राखी सैनिक के नाम अभियान के तहत की जा रही है जिसे भारत स्काउट और गाइड के माध्यम से राज्य स्तर पर संचालित किया जा रहा है। राज्य मुख्यालय से मिले निर्देश के अनुसार दुर्ग जिला शिक्षा विभाग ने इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए सभी स्कूलों को आदेश जारी किया था जिसके तहत छात्राओं ने राखियों और संदेशों की तैयारी की। अब ये सभी राखियां राज्य मुख्यालय भेजी जा रही हैं जहां से उन्हें आगे सैनिकों तक पहुंचाया जाएगा।
Get real time update about this post category directly on your device, subscribe now.